दुखद : गंगा स्नान करने के दौरान तेज़ लहरों में लापता हो गया किशोर, गुजरात से आया था मृतक
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित बलराम घाट पर गंगा स्नान के दौरान गुजरात से आया एक किशोर गंगा की तेज धारा में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 10:36 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली कि बलराम घाट ठोकर नंबर-16 के पास गंगा में स्नान कर रहा 16 वर्षीय हरसिल चौहान पुत्र राजू भाई निवासी सूरत, गुजरात अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस ने जल पुलिस को मौके पर बुलाया।परिजनों ने पुलिस को बताया कि स्नान के दौरान हरसिल गंगा में बने भंवर की चपेट में आ गया, जिसके बाद वह देखते ही देखते लापता हो गया। घटना के समय उसके साथ परिवार के कई सदस्य भी मौजूद थे। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गंगा में किशोर की तलाश में सर्च अभियान चला रही है। देर शाम तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका था। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी का कहना है कि जल पुलिस की टीमें सर्च अभियान चला रही हैं।

