शाबाश: उत्तरकाशी की महक चौहान ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, ताशकंद में बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

शाबाश: उत्तरकाशी की महक चौहान ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, ताशकंद में बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
Spread the love

उत्तरकाशी।   विकासखंड मोरी के बद्रासू गांव निवासी होनहार खिलाड़ी महक चौहान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में आयोजित महिला रग्बी टूर्नामेंट में महक चौहान को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से सम्मानित किया गया। भारतीय महिला रग्बी टीम की सदस्य महक ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की ओर से सर्वाधिक नौ ट्राई स्कोर किए और टीम की सबसे सफल स्कोरर रहीं। उनकी तेज रफ्तार, दमदार फिटनेस, शानदार आक्रमण क्षमता और बेहतरीन खेल कौशल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सभी को प्रभावित किया। टूर्नामेंट में भारतीय महिला रग्बी टीम ने संघर्षपूर्ण और सराहनीय प्रदर्शन किया। हालांकि टीम पदक जीतने से चूक गई, लेकिन खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से भविष्य के लिए मजबूत उम्मीदें जगाई हैं। यह प्रतियोगिता भारतीय महिला रग्बी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव साबित हुई जो आने वाले समय में टीम को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगी। महक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, पवन नौटियाल, किशन रावत, जगदीश रांगड़, राजपाल रावत एवं प्रहलाद पंवार आदि ने उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Parvatanchal