संवेदना: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चकराता सड़क हादसे के मृतकों के प्रति जताई शोक संवेदना
देहरादून।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने चकराता के कालसी में दशऊ खत पशगांव में हुए हृदय विदारक सड़क हादसे पर गहरा दुःख जताया है। करन माहरा ने सड़क हादसे में मारे गये लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना से कई लोग असमय काल कल्वित हो गये हैं। उनके परिजनों के लिए यह असहनीय दुःख है। हम उनके दुःख को बांट तो नहीं सकते परन्तु इस दुःख की घडी में उनके साथ हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस प्रकार की सड़क दुर्घटनाओं को पहाड़ी मार्गों के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि पहाड़ों में होने वाले ऐसे हृदय विदारक हादसों को रोकने के उपाय होने चाहिए। माहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिये जाने की मांग करते हुए घायलों के समुचित उपचार के इन्तजाम किये जाने की भी मांग की है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार सड़क हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों के साथ है। सभी कांग्रेसजनों की प्रार्थना है कि ईश्वर मृतकों की आत्मा को शान्ति प्रदान करे तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दे।

