हमला: ईरान ने अमेरिकी सैन्य जहाज पर किया ड्रोन हमला, होर्मुज के पास जहाज जब्ती से बौखलाया
तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ता फिर दिख रहा है। अमेरिकी सेना द्वारा एक ईरानी ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज को जब्त करने के बाद ईरान ने ओमान सागर में अमेरिकी सैन्य जहाज पर ड्रोन हमला करने का दावा किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, ड्रोन हमले दिन में किए गए थे, जो अमेरिकी कार्रवाई के प्रतिशोध में थे। एजेंसी ने बताया कि अमेरिका ने इस कार्रवाई के लिए ईरान को मजबूर किया।
तेहरान ने दावा किया है कि उसने ओमान सागर में अमेरिकी नौसैनिक संपत्तियों को निशाना बनाया था, लेकिन नुकसान की कोई जानकारी नहीं है। ईरान ने यह भी नहीं बताया कि उसने हमले में कितने ड्रोन इस्तेमाल किए थे। उसने अभियान की सीमा या हमलों से किसी के हताहत, क्षति या घायल होने का कोई विवरण नहीं दिया है। बता दें कि ईरान ने अमेरिका पर सशस्त्र डकैती का आरोप लगाया है।
ईरान-अमेरिका के बीच होर्मुज के पास तनाव एक ईरानी जहाज पर कब्जे के बाद बढ़ा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ पर बताया कि ईरानी मालवाहक जहाज तोस्का, हमारी नौसैनिक घेराबंदी पार कर रहा था, लेकिन उसका प्रयास सफल नहीं रहा। उन्होंने बताया कि अमेरिकी नौसेना के गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर यूएसएस स्प्रुएन्स ने ओमान की खाड़ी में तोस्का को रोका और ईरानी चालक दल के अनसुना करने पर नौसैनिकों ने उनके इंजन रूम में एक छेद करके उन्हें वहीं रोक दिया।
ट्रंप ने ट्रुथ पर बताया कि जहाज लगभग 900 फीट लंबा है और जिसका वजन लगभग एक विमानवाहक जहाज जितना है। जहाज इस समय, अमेरिकी मरीन ने के हिरासत में है। उन्होंने बताया कि तोस्का जहाज पर अमेरिकी ट्रेजरी के प्रतिबंध लागू हैं, क्योंकि उसका अवैध गतिविधियों में शामिल होने का पुराना इतिहास रहा है। उन्होंने बताया कि यह जहाज अब पूरी तरह से हमारी हिरासत में है, और हम यह जाँच कर रहे हैं कि इसमें क्या-क्या मौजूद है।

