रहस्यमय: श्यामपुर क्षेत्र में अचानक फैली तीखी गंध, तकरीबन 45 मिनट तक हैरान-परेशान रहे लोग 

रहस्यमय: श्यामपुर क्षेत्र में अचानक फैली तीखी गंध, तकरीबन 45 मिनट तक हैरान-परेशान रहे लोग 
Spread the love

 

हरिद्वार।  श्यामपुर क्षेत्र में शनिवार रात अचानक फैली तीखी गंध ने लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। आंखों में जलन, तेज खांसी और सांस लेने में परेशानी के कारण लोगों में दहशत फैल गई। करीब 45 मिनट तक आमजन के साथ-साथ बुजुर्ग, दमा व खांसी के मरीज, नवजात शिशु और बच्चे परेशान रहे। घटना शनिवार को करीब 9:45 बजे की है। जानकारी के अनुसार श्यामपुर में इसका असर सबसे अधिक रहा। गाजीवाली के गढ़वाली मोहल्ले में प्रभाव ज्यादा देखा गया, जबकि बाहर पीली स्थित पट्टा बस्ती और सजनपुर में भी लोग प्रभावित रहे। इसके विपरीत हाईवे की ओर असर कम रहा, जबकि कांगड़ी गांव में स्थिति लगभग सामान्य रही। सजनपुर निवासी महिला रामकली ने बताया कि रात में अचानक तीखी गंध फैल गई, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया और आंखों में जलन होने लगी। उस समय घबराहट की स्थिति बन गई। रामकली के अनुसार इतनी तेज गंध उन्होंने पहले कभी महसूस नहीं की, जिससे पूरा माहौल असहज हो गया। वहीं, पिंटू सिंह ने बताया कि रात के समय अचानक पूरे इलाके में बहुत तेज और तीखी गंध फैल गई, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया था। कुछ ही देर में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। पिंटू सिंह के अनुसार यह स्थिति काफी समय तक बनी रही और बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान रहे। स्थानीय युवा शुभम कुमार, रजनीश कुमार व मनीष कुमार ने विभिन्न मोहल्लों में जाकर स्थिति की जानकारी ली और डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद संबंधित स्तर पर पड़ताल की गई, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो सका। कुछ देर बाद गंध अपने आप समाप्त हो गई, हालांकि घटना के बाद आशंका के चलते कई ग्रामीण रातभर सो नहीं सके। मामले में अधिक जानकारी के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

 

Parvatanchal