अच्छी ख़बर: एम्स ऋषिकेश में आसान हुआ कैंसर का इलाज, आधुनिक उच्च तकनीकों के इस्तेमाल से हुआ संभव 

अच्छी ख़बर: एम्स ऋषिकेश में आसान हुआ कैंसर का इलाज, आधुनिक उच्च तकनीकों के इस्तेमाल से हुआ संभव 
Spread the love

ऋषिकेश।   घातक बीमारी में शामिल कैंसर अब लाइलाज नहीं है। एम्स ऋषिकेश में आधुनिक उच्च तकनीकों का इस्तेमाल करने से इसका इलाज अब पहले की अपेक्षा आसान हो गया है। एम्स में कैंसर की जांच और इलाज की सभी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मौजूद हैं। इनमें उच्च तकनीक आधारित पेट स्कैन जैसी जांच भी शामिल है। एम्स ऋषिकेश कैंसर मरीजों के इलाज में न केवल विकसित स्वास्थ्य सुविधाओं को उपयोग कर रहा है अपितु यहां कैंसर मरीजों का पूरा रिकार्ड भी रखा जाता है। इसे कैंसर रजिस्ट्री का नाम दिया गया है। हेमेटोलाजी विभाग के हेड प्रो. उत्तम नाथ बताते हैं कि कैंसर के शुरुआती चरण में पता लगाना आधी लड़ाई जीतने जैसा है। उन्होंने बताया कि दो कैंसर कभी एक जैसे नहीं होते। ऐसे में जेनेटिक प्रोफाइलिंग कारगर साबित होती है। इसमें बेहतर और प्रभावी उपचार, कम दुष्प्रभाव और रोग को पूरी तरह से खत्म करने की अधिक संभावना होती है। इसके अलावा विकिरण चिकित्सा, रोबोटिक सर्जरी और इम्यूनोथेरेपी जैसी तकनीकें भी कैंसर के इलाज को आसान बना रही हैं। ये सभी सुविधाएं एम्स ऋषिकेश में उपलब्ध हैं। विभाग के एसो प्रो. दीपक सुन्दरियाल ने बताया कि भारत में कैंसर एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन दशकों में देश में कैंसर की घटनाओं, प्रसार और इससे होने वाली मृत्यु दर में निरंतर वृद्धि देखी गई है। उन्होंने बताया कि पुरुषों में मुंह का (ओरल) कैंसर, फेफड़ों का कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर के मामले ज्यादा हैं। जबकि महिलाओं में स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर और अंडाशय (ओवेरियन) कैंसर के मामले ज्यादा उभर कर आ रहे हैं। डॉ. सुंदरियाल ने बताया कि उत्तराखंड में कैंसर के मामलों में पुरुषों में फेफड़ों का कैंसर, मुंह का कैंसर और जठरांत्र (गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल) कैंसर सामान्य हैं, जबकि महिलाओं में स्तन कैंसर सबसे अधिक पाया जाता है। दूसरा स्थान सर्वाइकल कैंसर का है।पेट स्कैन का लाभ उठा चुके 1590 लोगपेट स्कैन (पॉजिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी) मशीन एम्स में बीते वर्ष अप्रैल 2025 में स्थापित की गई थी। यह एक उन्नत इमेजिंग परीक्षण है, जो शरीर के अंगों की कार्यप्रणाली और कोशिकाओं की गतिविधि का पता लगाता है। यह कैंसर कोशिकाओं का पता लगाने, ट्यूमर के फैलने की जांच करने और उपचार के बाद परिणाम देखने के लिए सबसे प्रभावी तकनीक है। न्यूक्लियर मेडिसिन की हेड प्रो. मनीषी नारायण ने इस बारे में बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान 1590 लोगों ने पेट स्कैन सुविधा का लाभ उठाया है। उन्होंने बताया कि प्रति माह लगभग 150 रोगी यह जांच करवा रहे हैं।

‘एम्स ऋषिकेश में कैंसर की रोकथाम, बीमारी की जांच, निदान और इलाज के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। संस्थान की ओर से कैंसर की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।’

-प्रो. मीनू सिंह, कार्यकारी निदेशक, एम्स ऋषिकेश

Parvatanchal