पूर्वानुमान: कई राज्यों में झुलसा देने वाली गर्मी का अलर्ट, कई राज्यों में हो सकती है बारिश

पूर्वानुमान: कई राज्यों में झुलसा देने वाली गर्मी का अलर्ट, कई राज्यों में हो सकती है बारिश
Spread the love

 

नई दिल्ली। देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का प्रकोप तेज होना शुरू हो गया है। दूसरी तरफ कुछ राज्यों में अंधड़-बारिश और बर्फबारी देखने को मिल रही है। इस बदलाव की वजह अलग-अलग जगहों पर बने चक्रवाती परिसंचरण, ट्रफ लाइन और पश्चिमी विक्षोभ हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को उत्तर भारत में गर्मी तेज पड़ने, मध्य और दक्षिण राज्यों में लू चलने का अनुमान जताया है तो दूसरी ओर पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश-आंधड़ की संभावना है।
मध्य प्रदेश में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है, जिसके चलते दिन का तापमान 42 और रात का 25 डिग्री के पार पहुंच गया है। आईएमडी ने प्रदेश में 16 अप्रैल से लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इसी तरह राजस्थान में भी 17 अप्रैल से लू के थपेड़े झेलने पड़ सकते हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में गर्मी के साथ उमस भी महसूस होगी। पंजाब और हरियाणा में अगले 2 दिनों में मौसम बदल सकता है।
दिल्ली में भी गर्मी लगातार बढ़ने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। आसमान साफ रहने से चटक धूप निकलने से तापमान में इजाफा हो रहा है। 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहने का अनुमान है, जो 19 अप्रैल तक बढ़कर 39-40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। आने वाले दिनों में राजधानी का तापमान 4-5 डिग्री तक बढ़ सकता है। दिन में लू जैसी स्थिति महसूस हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है, जबकि असम और मेघालय में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन राज्यों में बादल छाए रहने से तापमान ज्यादा नहीं बढ़ेगा। पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी, वहीं दक्षिण भारत में कर्नाटक और केरल में कुछ जगहों पर मौसम खराब होने के आसार हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 17 अप्रैल से बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है।

Parvatanchal