पूर्वानुमान: अगले 5 दिनों में आसमान से बरसेगी आग, भीषण गर्मी को लेकर आया अलर्ट

पूर्वानुमान: अगले 5 दिनों में आसमान से बरसेगी आग, भीषण गर्मी को लेकर आया अलर्ट
Spread the love

नई  दिल्ली। देशभर में अब दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। इससे रात के समय भी पंखे-कूलर चलने लगे हैं। आधा अप्रैल बीत जाने के बाद कई शहरों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचा है। जहां मैदानी इलाकों में चिलचिलाती गर्मी शुरू हो गई है, वहीं पहाड़ी इलाकों में अभी भी ठंडा मौसम बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अधिकांश राज्यों में अगले 4-5 दिनों में अधिकतम तापमान 3-6 डिग्री बढ़ने का अनुमान जताया है।
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को इन राज्यों के कुछ शहरों में पारा 41 डिग्री को पार कर गया। आने वाले दिनों में इन राज्यों में तापमान 3-4 डिग्री बढ़ने के साथ लू चलना शुरू हो जाएंगी। हरियाणा में भी सोमवार को 19 शहरों का तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। अगले 7 दिनों में यहां तापमान में 4-6 डिग्री का इजाफा हो सकता है।
दिल्ली में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। आईएमडी के अनुसार, इस दौरान दिन का तापमान 4-5 डिग्री तक बढ़ सकता है। इससे राजधानी में गर्मी का असर तेजी होगा। फिलहाल तापमान सामान्य के आस-पास बना रहेगा, लेकिन अगले 24 घंटे के बाद ऊपर पहुंच सकता है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे रातें भी गर्मी आहत करेगी।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मौसम में आज ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है। श्रीनगर और आस-पास के पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बर्फबारी हो सकती है। ज्यादातर स्थानों पर मौसम साफ रहेगा और सुबह-शाम ठंडक रहेगी। उत्तराखंड में 16 अप्रैल से कुछ जगह बारिश होने के आसार हैं। दूसरी तरफ सिक्किम, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में आज भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ 55 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा भी चलने के आसार हैं।

Parvatanchal