शर्मनाक: टैक्सी ड्राइवर के इश्क में अंधी हुई बैंक अधिकारी की पत्नी, गहने-कैश लेकर प्रेमी संग फरार; फिर रची हत्या की साज़िश
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई सन्न है। यहां एक पत्नी अपने टैक्सी ड्राइवर प्रेमी के प्यार में इस कदर अंधी हो गई कि उसने अपने ही बैंक अधिकारी पति की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस ने इस चौंकाने वाले मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पत्नी अर्चना अरोड़ा और उसके प्रेमी ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। एनईबी थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपी अर्चना को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि प्रेमी ऋषभ को पूछताछ के लिए एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
टैक्सी के सफर में परवान चढ़ा इश्क
अलवर के सीओ सिटी अंगद शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 32 वर्षीय कर्णव खत्री जयपुर स्थित एक निजी बैंक में बड़े अधिकारी हैं। कर्णव की शादी साल 2018 में गोविंदगढ़ की रहने वाली 30 वर्षीय अर्चना के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। पुलिस के मुताबिक, जयपुर में तैनात पति से मिलने के लिए अर्चना अक्सर ऋषभ शर्मा की टैक्सी से सफर किया करती थी। जयपुर आते-जाते इसी सफर के दौरान अर्चना और टैक्सी ड्राइवर ऋषभ के बीच गहरी दोस्ती हो गई। जल्द ही यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों के बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए, जिसके बाद दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं।
गहने-कैश लेकर प्रेमी संग हुई फरार और फिर रची हत्या की साजिश
पति कर्णव की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि 7 सितंबर 2025 को अर्चना अपने प्रेमी ऋषभ के साथ घर से भाग गई थी। वह अपने साथ छोटे बेटे के अलावा 5 लाख रुपये कैश और लाखों के गहने भी ले गई थी। कहानी में ट्विस्ट तब आया जब 22 दिसंबर 2025 को अर्चना ने अचानक वापस आकर अपने पति और मायके वालों के साथ मिलकर प्रेमी ऋषभ के खिलाफ ही रेप का केस दर्ज करा दिया। हालांकि, कुछ समय बाद वह अपने ही बयान से मुकर गई और दोबारा ऋषभ के पास रहने चली गई। पुलिस के मुताबिक, 8 फरवरी 2026 को ऋषभ ने वॉट्सऐप कॉल के जरिए कर्णव को धमकाया। हद तो तब पार हो गई जब मार्च 2026 में ऋषभ बहाने से कर्णव को अपनी टैक्सी में जयपुर ले गया और रास्ते में उसकी हत्या करने की कोशिश की।
खत में लिखी खौफनाक धमकी- ’50 लाख दो, नहीं तो कोर्ट में ही खत्म कर दूंगी’
रेप केस में प्रेमी ऋषभ के जेल जाने के बाद अर्चना पूरी तरह बौखला गई थी। उसने अपने पति कर्णव को एक बेहद खौफनाक लेटर भेजा। इस लेटर में अर्चना ने खुली धमकी देते हुए लिखा कि उसने विवाद खत्म करने के लिए पहले 30 लाख रुपये मांगे थे, लेकिन तुमने ऋषभ को जेल भिजवा दिया। अर्चना ने आगे लिखा कि अब उसे 50 लाख रुपये चाहिए, नहीं तो वह पति और सास को जान से मार देगी और बच्चों को अनाथालय में डाल देगी। अर्चना ने यह भी धमकी दी कि राजगढ़ में दर्ज केस के सिलसिले में जिस दिन कर्णव कोर्ट आएगा, उसी दिन उसे खत्म कर दिया जाएगा। अपनी जान को खतरा देखते हुए कर्णव ने 7 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पक्के सबूत के तौर पर कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंप दी, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
