एफआईआर: साइबर ठगी का खुलासा, मामले में अलग-अलग कोतवाली में दो मुकदमे दर्ज

एफआईआर: साइबर ठगी का खुलासा, मामले में अलग-अलग कोतवाली में दो मुकदमे दर्ज
Spread the love

काशीपुर।  साइबर सेल रुद्रपुर से प्राप्त डेटा के आधार पर कोतवाली काशीपुर और कुंडा क्षेत्र में दो अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से हो रही साइबर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार इन खातों का उपयोग देशभर में ठगी की रकम को खपाने के लिए किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। एसएसआई कोतवाली काशीपुर नवीन बुधानी ने बताया कि साइबर सेल की रिपोर्ट में दर्ज खाते को एनसीआरपी पोर्टल पर जांचने पर यह खाता विभिन्न राज्यों के थानों में दर्ज 68 शिकायतों से जुड़ा पाया गया। इस आधार पर एक्सिस बैंक के अज्ञात खाताधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, कुंडा कोतवाली की सूर्या पुलिस चौकी के एसआई गणेश दत्त ने भी एक अन्य मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच में सामने आया कि बैंक ऑफ बड़ौदा, हरियावाला चौक शाखा का एक खाता 33 शिकायतों में शामिल है। इस मामले में भी अज्ञात खाताधारक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों खाते वैध बैंकिंग कार्यों के लिए नहीं, बल्कि ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे आगे खपाने के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे थे। दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Parvatanchal