अनबन: पारिवारिक विवाद में दो पक्षों के बीच हुआ खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और पत्थरबाजी में कई घायल

अनबन: पारिवारिक विवाद में दो पक्षों के बीच हुआ खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और पत्थरबाजी में कई घायल
Spread the love

हरिद्वार।  थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है। जानकारी के अनुसार रियासत पुत्र लियाकत और शौकित पुत्र खां मोहम्मद के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि शौकित ने गांव के ही रूस्तम और फिरोज को बुलाकर रियासत और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। इसके बाद पत्थरबाजी भी शुरू हो गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के छह से आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक मारपीट और पत्थरबाजी होती दिख रही है। स्थानीय लोगों ने ही इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जमीन विवाद में मारपीट, जेठ और देवर समेत चार पर मुकदमा
दूसरी ओर, रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने जेठ, देवर समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। टिबड़ी कॉलोनी निवासी सीमा देवी पत्नी सेवा राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके परिवार और विपक्षियों के बीच जमीन का विवाद चल रहा था, जिसका फैसला इसी साल 17 मार्च को उनके पक्ष में आया था। इसके बाद से ही आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि पांच अप्रैल को जेठ मानसिंह, देवर हरपाल सिंह, नेपाल सिंह और प्रकाश निवासी टिबड़ी कॉलोनी थाना रानीपुर शराब के नशे में घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने एकजुट होकर लोहे की सरियों और डंडों से हमला कर दिया, जिससे पति सेवा राम गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला का आरोप है कि अगले दिन आरोपियों ने बेटे मोहित के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए और धमकी दी कि पुलिस में उनकी पहुंच है, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया कि पुलिस से चारों आरोपी मानसिंह, हरपाल सिंह, नेपाल सिंह और प्रकाश निवासीगण टिबड़ी कॉलोनी थाना रानीपुर के खिलाफ बुधवार को केस दर्ज कर लिया है।

Parvatanchal