कामयाबी: उत्तराखंड एसटीएफ के हत्थे चढ़ा इनामी शूटर रिंकू शर्मा, पार्षद हत्याकांड में था फरार
रुद्रपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार 25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ तीन राज्यों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। 12 अक्तूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा, वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश कार में सवार होकर पहुंचे थे और घर के बाहर धामी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया था कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई थी। इस हत्याकांड के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब 4 लाख की सुपारी दी गई थी। मामले में कुल सात आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जिनमें से छह पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि रिंकू शर्मा फरार चल रहा था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर निगरानी की जा रही थी। बुधवार तड़के मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने रुद्रपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित निवासी मुरैना (मध्य प्रदेश) एक पेशेवर शूटर है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और रंगदारी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

