आफ़त: गढ़वाल के खंड तल्ला इलाके में भालू की दहशत, रतजगा करने को मजबूर हैं ग्रामीण

आफ़त: गढ़वाल के खंड तल्ला इलाके में भालू की दहशत, रतजगा करने को मजबूर हैं ग्रामीण
Spread the love

पौड़ी। विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र खंड तल्ला में इन दिनों भालू की दहशत बनी हुई है। भालू गोशालाओं को तोड़कर अभी तक दो मवेशियों को मार चुका है। भालू की दहशत से निजात दिलाने के लिए ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं। खंड तल्ला व आस पास के गांवों में भालू गोशालाओं को तोड़कर मवेशियों को मार रहा है। टीला सीट से जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल ने बताया कि दो -तीन दिन पहले गांव से करीब आधा किमी दूर बनीं छानियों में रात के समय भालू ने गोशालाओं को तोड़कर मवेशियों को मार डाला। जबकि करीब दो हफ्ते पहले भी भालू ने यही घटना दोहरायी थी। तब भालू ने पशुपालक गणेशी देवी व चैता देवी की दुधारू गायों को बुरी तरह से नोचकर मार डाला। तब से ग्रामीण मशाल, टॉर्च व लाड़ी डंडों के साथ रात आठ से साढ़े 11 बजे तक गांव से होते हुए छानियों और आस पास के क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं। ग्रामीण छानियों के पास आग जलाकर भालू को भगाने की कोशिश और मवेशियों की सुरक्षा करने में जुटे हुए हैं। बताया कि वन विभाग को इस संबंध में पत्र भेजा था। विभाग ने कुछ दिन तो गश्त की लेकिन फिर से हालात वैसे ही बन गए हैं। उन्होंने भालू की समस्या से निजात दिलाने के लिए छानियों के पास सीसीटीवी, ड्रोन सर्वे, स्ट्रीट लाइट व पिंजरा आदि लगाने के साथ ही समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग उठाई है।

Parvatanchal