बढ़ोत्तरी: जोमेटो और स्वीगी से खाना मंगाना हुआ महंगा, जानिए अब आपकी जेब से कितने पैसे कटेंगे

बढ़ोत्तरी: जोमेटो और स्वीगी से खाना मंगाना हुआ महंगा, जानिए अब आपकी जेब से कितने पैसे कटेंगे
Spread the love

नई दिल्ली। अगर आप भी घर बैठे ऑनलाइन खाना मंगाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपकी जेब पर सीधा असर डालने वाली है। देश के प्रमुख फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने अपने ग्राहकों को झटका देते हुए प्लेटफॉर्म फीस में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। अब यूजर्स को ऐप से खाना ऑर्डर करने पर पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जोमैटो के साथ-साथ इसकी सबसे बड़ी प्रतिद्वंदी कंपनी स्विगी ने भी अपने चार्जेस में इजाफा कर दिया है।
प्रति ऑर्डर 2.40 रुपये की हुई बढ़ोतरी
जोमैटो ऐप पर उपलब्ध ताजा जानकारी के अनुसार, कंपनी ने ग्राहकों से वसूले जाने वाले प्लेटफॉर्म शुल्क में 2.40 रुपये प्रति ऑर्डर की वृद्धि की है। इस बढ़ोतरी के बाद प्री-जीएसटी आधार पर जोमैटो का प्लेटफॉर्म शुल्क 12.50 रुपये से बढ़कर 14.90 रुपये प्रति ऑर्डर हो गया है। आपको बता दें कि कंपनी ने इससे पहले आखिरी बार सितंबर 2025 में इस शुल्क में बढ़ोतरी की थी। लगातार बढ़ रहे इन अतिरिक्त शुल्कों के कारण यूजर्स का ऑनलाइन फूड डिलीवरी बिल अब धीरे-धीरे और भारी होता जा रहा है।
स्विगी ने भी ग्राहकों को दिया झटका
जोमैटो की तर्ज पर ही स्विगी ने भी अपने ग्राहकों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है। अब स्विगी अपने प्लेटफॉर्म पर प्रति ऑर्डर टैक्स सहित 14.99 रुपये का प्लेटफॉर्म शुल्क वसूल रही है, जो पहले 12.50 रुपये हुआ करता था। बाजार के ट्रेंड्स को देखें, तो आमतौर पर यही देखा गया है कि ये दोनों दिग्गज फूड डिलीवरी कंपनियां शुल्कों में बदलाव के मामले में एक-दूसरे की रणनीतियों को फॉलो करती हैं। यही कारण है कि दोनों प्लेटफॉर्म्स के यूजर्स को एक साथ इस महंगाई की मार का सामना करना पड़ रहा है।

Parvatanchal