एक्शन: ओवरलोड और बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई, रुद्रप्रयाग में वाहनों की सघन चेकिंग

एक्शन: ओवरलोड और बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई, रुद्रप्रयाग में वाहनों की सघन चेकिंग
Spread the love

 

रुद्रप्रयाग। जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने वाहनों की सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर यह विशेष अभियान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में दिन और रात्रि दोनों समय चलाया जा रहा है।

अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) धमेंद्र सिंह बिष्ट कर रहे हैं। परिवहन विभाग की टीम बाजार क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर दोपहिया, चारपहिया तथा व्यावसायिक वाहनों की नियमित जांच की जा रही है।

चेकिंग के दौरान वाहनों में रिफ्लेक्टर की उपलब्धता, वाहन की फिटनेस, टैक्स अदायगी, ओवरलोडिंग तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रही है। चालकों को बताया जा रहा है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग उनकी सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन कर वे न केवल अपनी बल्कि अन्य लोगों की जान भी सुरक्षित रख सकते हैं।

एआरटीओ धमेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग समय-समय पर ऐसे अभियान चलाता रहता है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Parvatanchal