आफ़त: केंद्रीय गृहमंत्री की रैली को भेजी गईं 20 रोडवेज बसें, यात्रियों ने जताई नाराज़गी

आफ़त: केंद्रीय गृहमंत्री की रैली को भेजी गईं 20 रोडवेज बसें, यात्रियों ने जताई नाराज़गी
Spread the love

कोटद्वार।  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली के लिए कोटद्वार रोडवेज डिपो से 20 बसें देहरादून भेजे जाने से कोटद्वार में परिवहन सेवाएं चरमरा गईं। लगातार दूसरे दिन पटियाला, नोएडा और जमेली की सेवा रद्द करनी पड़ीं। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोटद्वार रोडवेज डिपो से शुक्रवार को ही 20 बसों को केंद्रीय गृहमंत्री की रैली में भेजने के लिए देहरादून में खड़ा करा लिया गया था। इससे डिपो के पास बसों का टोटा हो गया। इसका सीधा असर बस संचालन पर पड़ा। शुक्रवार को पटियाला एवं नोएडा के लिए बस संचालित नहीं की जा सकी। दुगड्डा-डांडामंडी-जमेली रूट के लिए बमुश्किल बस उपलब्ध होने पर बस रवाना की गई। वहीं, शनिवार को भी कोटद्वार से पटियाला एवं नोएडा बस सेवा संचालित नहीं हो सकी। वहीं, डिपो पर बस की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को डिपो कार्यालय पहुंचकर पूछताछ करने पर इस बाबत जानकारी मिल सकी। डिपो कार्यालय से बस सेवा के रद्द होने की घोषणा नहीं की गई। इस पर कुछ यात्रियों ने तीखी नाराजगी व्यक्त की। एआरएम अनुराग पुरोहित ने बताया कि पटियाला व नोएडा को छोड़कर अन्य सभी रूट पर बस सेवा सुचारू रखी गई। रात तक बसें डिपो पहुंच जाएगी। रविवार को सभी रूटों पर बसें भेजी जाएंगी। इसके साथ ही होली अवकाश पर घरों पर आए लोग वीकेंड पर लौटना शुरू हो जाएंगे। उन्हें बेहतर बस सेवा देने के लिए कमर कसी है।
वहीं, कोटद्वार डिपो की बसें देहरादून आईएसबीटी पर खड़ी तो रहीं लेकिन देहरादून से कोटद्वार आने के लिए लोगों को ये बसें उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे लोगों को अधिक किराया खर्च कर प्राइवेट वाहनों अथवा किसी अन्य माध्यम से सफर करना पड़ा या फिर अन्य डिपो की बसों से पहले हरिद्वार, वहां से नजीबाबाद और फिर कोटद्वार आना पड़ा।

Parvatanchal