मॉब लिंचिंग : बच्चा चोरी की अफवाह पर युवक को मार डाला, पुलिस ने 16 आरोपियों को किया गिरफ्तार
अनुगुल/मयूरभंज। ओडिशा के मयूरभंज जिला में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर हिंसा का रूप ले लिया। उग्र भीड़ ने तीन युवकों को बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। इस घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य को पुलिस ने समय रहते बचा लिया।
क्या है पूरा मामला?
घटना सोमवार को मोराडा थाना क्षेत्र में हुई। ग्रामीणों के बीच बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल गई थी। इसी दौरान एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक गांव में घूमता नजर आया। वह स्पष्ट रूप से ओडिया भाषा नहीं बोल पा रहा था, जिससे लोगों का शक और गहरा गया।
देखते ही देखते भीड़ ने युवक को घेर लिया और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
दूसरी घटना भी आई सामने
इसी रात बारिपदा सदर थाना क्षेत्र में भी दो अन्य युवकों को बच्चा चोर होने के संदेह में भीड़ ने घेर लिया। हालांकि पुलिस ने समय रहते पहुंचकर दोनों को बचा लिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 15 अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
