दुश्वारियां: प्यास बुझाने के लिए ग्रामीण दो किमी दूर से ढो रहे पानी, विधायक और बना लापरवाह

नई टिहरी। थौलधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत इडियान के बागोडी गांव में पेयजल किल्लत बढ़ने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण दो किलोमीटर दूर से स्रोत से पानी ढोने को मजबूर हैं। पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि गांव में लंबे समय पेयजल किल्लत की समस्या बनी हुई है। डेढ़ वर्ष पूर्व जल संस्थान ने जल जीवन मिशन के तहत पनियार नामे तोक से गांव में लिए पेयजल लाइन बिछाई। बरसात के समय पेयजल स्रोत पर पानी बढ़ने के बाद गांव में प्रतिदिन पानी की सप्लाई होती है, लेकिन गर्मियों और सर्दियों में पेयजल स्रोत पर पानी की कमी होने से चौथे-पांचवें दिन पानी आता है। पानी कि किल्लत होने के कारण ग्रामीणों को करीब दो किलोमीटर दूर चढ़ाई चढ़कर पेयजल स्रोत से पानी लाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी गांव में रहने वाले बुजुर्गों को उठानी पड़ती है। पानी कमी के चलते कई बार ग्रामीणों का आपसी विवाद हो जाता है। पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अपनी गाय-भैस तक बेच दिए है। कहा कि बागोडी जिले का पहला सैनिक बाहुल्य गांव होने के साथ आदर्श गांव है। पानी की किल्लत के चलते कई लोग गांव से पलायन कर गए हैं। पानी की आपूर्ति न होने के बाद भी जल संस्थान ग्रामीणों को लगातार बिल भेज रहा है। ग्रामीणों की ओर शासन-प्रशासन से पानी की समस्या दूर करने की गुहार लगाई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।


