सितारगंज में घर में चल रही थी शादी की तैयारियां, हादसे में मातम में बदली खुशियां, छोटे भाई की मौत
उधम सिंह नगर। सितारगंज में तेज रफ्तार के कहर ने घर के चिराग को बुझा दिया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक के घर में विवाह कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। अगले कुछ दिनों में मृतक के बड़े भाई की विवाह होना था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गांव मैदना, न्यूरिया (पीलीभीत) निवासी 23 वर्षीय अमर सिंह पुत्र रामचंद्र चचेरे भाई 14 वर्षीय गौतम सिंह के साथ बाइक से हल्द्वानी स्थित मंडी गया था। बुधवार को हल्द्वानी से लौटते समय गांव सिसौना, कल्याणपुर के पास पीछे से आए डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर गए।
हादसे में अमर और गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उप जिला अस्पताल, सितारगंज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि, चचेरे भाई गौतम की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक अमर सिंह का विवाह नहीं हुआ था। वह सिडकुल, रुद्रपुर स्थित कंपनी में कार्य करता था। बताया कि 23 फरवरी को उसके बड़े भाई राहुल सिंह की शादी है। घर में शादी की तैयारी चल रही है। सभी मेहमान भी घर पहुंच गए हैं। विवाह की तैयारियों को लेकर अमर हल्द्वानी आया था। जहां से वापस लौटते वक्त हादसा हो गया। 23 वर्षीय अमर की मौत से शादी की सारी खुशियां मातम में बदल गई।
सितारगंज कोतवाली के एसआई सुरेंद्र सिंह दानू से मिली जानकारी अनुसार, शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। डंपर चालक फरार है। डंपर चालक की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है। पकड़े जाने पर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
