आरबीआई ने देहरादून अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के वित्तीय लेनदेन को किया बंद, 6 महीने तक लगाई रोक

देहरादून। दर्शन लाल चौक पर स्थित अर्बन कोऑपरेटिव बैंक में आरबीआई ने 6 महीने तक वित्तीय लेनदेन पर रोक लगा दी। जिसके बाद आज बैंक खाताधारकों ने बैंक में पहुंचकर हंगामा किया। मौके पर बैंक अधिकारी नहीं मिलने के बाद खाताधारकों ने कोतवाली नगर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। बता दें इस बैंक में नगर निगम के करीब 50 ठेकदारों के खाते हैं। जिनके करीब 30 से 35 करोड़ रूपये के लेनदेन में रोक लगा दी गई है।
अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में आरबीआई के बैंक के खातों में होने वाले वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाने के कारण बैंक के करीब 9 हजार खाताधारकों पर इसका असर पड़ा है। आज बैंक के वित्तीय लेनदेन बंद होने की सूचना पर बैंक के खाताधारक ठेकेदार बैंक पहुंचे। बैंक में पहुंचकर उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसी दौरान बैंक के कर्मचारी बैंक से फरार हो गए। इसके बाद हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
बैंक में आए खाताधारक ठेकदारों का कहना है कि साल 2013-2014 में हुए 38 करोड़ रुपए के घोटाले का ऑडिट अब हुआ है, जिसके कारण आरबीआई में वित्तीय लेनदेन बंद कर दिया है। जिसके कारण मौके पर मौजूद ठेकदारों के करीब 35 करोड़ रुपए सीज हो गए हैं। खाताधारकों ने बैंक अधिकारी के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही बैंक अधिकारी के अनुसार करीब 98 करोड़ रुपए के लेनदेन पर रोक लगाई गई है।
खाताधारक अर्चिन गुप्ता ने बताया अर्बन कोऑपरेटिव बैंक में पिछले 19 सालों से खाताधारक हैं। यह बैंक 1973 में शुरू हुआ था। इस बैंक में आम जनता खाता काफी सालों से है। बैंक से संबंधित 11 फरवरी को जानकारी मिलती है कि बैंक में वित्तीय लेनदेन में रोक लगा दी गई है। जानकारी मिलने के बाद जब बैंक पहुंचे तो बैंक कर्मचारियों ने बताया दो दिन के लिए रोक लगाई गई है। उसके बाद सब कुछ सामान्य हो जाएगा। जब सोमवार को आरबीआई का सर्कुलर मिला तो उसमें जानकारी मिली कि 6 महीने के वित्तीय लेनदेन में रोक लगाई गई है। जिसके कारण सभी खाताधारक परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि, बैंक में कई ठेकदारों के खाते हैं, जिनका अब लेनदेन नहीं हो पाएगा। खाताधारकों को अब काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैंक में आने के बाद जब अधिकारियों से बातचीत करने की कोशिश की गई तो वो नहीं मिले। उन्होंने बताया अर्बन कोऑपरेटिव बैंक में साल 2013-2014 में करीब 38 करोड़ का घोटाला हुआ। बैंक आरबीआई के अधीन बैंक आता है। आरबीआई बैंक का ऑडिट करता आ रहा है।
आरबीआई चीफ जनरल मैनेजर बृज राज की ओर से जारी पत्र में बताया है कि अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, देहरादून, (बैंक) को कुछ निर्देश जारी किए हैं। जिसके अनुसार 10 फरवरी, 2026 को कारोबार बंद होने से, बैंक आरबीआई की लिखित में पूर्व स्वीकृति के बिना, कोई भी ऋण और अग्रिम राशि नहीं देगा या नवीनीकृत नहीं करेगा, कोई निवेश नहीं करेगा, धन उधार लेने और नए जमा स्वीकार करने सहित कोई देनदारी नहीं लेगा, अपनी देनदारियों और दायित्वों के निर्वहन में या अन्यथा कोई भुगतान वितरित या वितरित करने के लिए सहमत नहीं होगा, कोई समझौता या व्यवस्था नहीं करेगा। अपनी किसी भी संपत्ति या परिसंपत्ति को बेचेगा, स्थानांतरित करेगा या अन्यथा निपटाएगा।


