शर्मनाक : बेटे ने किया माता-पिता का कत्ल, अंतिम संस्कार में 5 मिनट खड़ा रहा बेखौफ

नई दिल्ली/बेंगलुरु। बेंगलुरु से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। पूर्व सैन्य अधिकारी कैप्टन नवीन चंद्र भट और उनकी पत्नी डॉ. श्यामला भट की उनके ही बेटे ने कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी उनका बेटा रोहन चंद्र भट है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अंतिम संस्कार में 5 मिनट की मौजूदगी
हत्या के कुछ दिनों बाद शनिवार, 14 फरवरी को दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपी बेटे रोहन को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विल्सन गार्डन श्मशान घाट लाया गया। बताया जा रहा है कि वह वहां करीब पांच मिनट तक मौजूद रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब उसके सामने माता-पिता की चिता रखी गई, तब भी उसके चेहरे पर न कोई पछतावा दिखा और न ही कोई भावनात्मक प्रतिक्रिया। उसकी निर्विकार मुद्रा ने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया।
बेटी अमेरिका से पहुंची
इस दौरान दंपति की 31 वर्षीय बेटी रश्मि भट भी अमेरिका से बेंगलुरु पहुंचीं। माता-पिता के शवों को देखकर वह भावुक हो गईं और उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के पीछे की सटीक वजह का खुलासा अभी नहीं हुआ है।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों और मानसिक तनाव से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


