धोखाधड़ी: रिटायर्ड फौजी से जमीन बेचने के नाम पर ठग लिए 8 लाख रुपए, अब जान से मारने की दे रहे धमकी

धोखाधड़ी: रिटायर्ड फौजी से जमीन बेचने के नाम पर ठग लिए 8 लाख रुपए, अब जान से मारने की दे रहे धमकी
Spread the love

रुड़की। क्षेत्र के ग्राम खेडाजट में एक रिटायर्ड फौजी के साथ जमीन के नाम पर 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार लोगों पर साजिश रचने और अब जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेडाजट निवासी मदन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 39 वर्ष डिफेन्स में नौकरी की है और वह वरिष्ठ नागरिक हैं। आरोप है कि गांव के ही गुलजार, सुरेन्द्र, सोहनवीर व ब्रजपाल ने एक साजिश के तहत उन्हें विश्वास में लिया। गुलजार और सुरेन्द्र ने अपनी 2 बीघा खाम भूमि का सौदा उनसे किया और 17 अक्तूबर 2025 को उनसे 8 लाख रुपये ले लिए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने यह जानते हुए कि उनके खाते में उक्त भूमि नहीं है, फर्जी तरीके से बैनामा कर दिया। जब पीड़ित ने इस धोखाधड़ी का विरोध किया, तो आरोपी सोहनवीर और ब्रजपाल ने उन पर कई झूठे मुकदमे ठोक दिए। पीड़ित का कहना है कि अब आरोपी उन्हें और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। बुजुर्ग दंपति ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

तमंचा लहराकर रील बना रहे तीन आरोपियों को दबोचा
एक अन्य घटना में तीन युवकों को बुलेट बाइक पर तमंचा लहराना उस वक्त महंगा पड़ गया जब पुलिस ने तीनों आरोपियों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है। रविवार देर रात को पुलिस को सूचना मिली कि एक बिना नंबर की बुलेट पर सवार तीन युवक खुलेआम तमंचा लहराते हुए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई। पुलिस कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उनकी बिना नंबर की बुलेट भी सीज कर दी है। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम तनेजा, ऋतिक व दीपक निवासी ग्राम हरजौली जाट, मंगलौर बताए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।

ये भी पढ़ें:   रणवीर सिंह धमकी मामला : अमेरिकी नंबर का इस्तेमाल कर हैरी बॉक्सर ने मांगे थे 10 करोड़ रुपए

Parvatanchal

error: कॉपी नहीं शेयर कीजिए!