सनसनी: कनाडा में पंजाबी सिंगर वीर दविंदर के घर पर बदमाशों ने की फायरिंग, 4 करोड़ की मांगी फिरौती
नई दिल्ली। कनाडा में बसे पंजाबी सिंगर वीर दविंदर के घर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि इससे पहले बदमाशों ने सिंगर से 5 लाख डॉलर (करीब 4 करोड़ रुपये) की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं मिलने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
जानकारी के अनुसार, फिरौती की मांग के 19 दिन बाद हमलावरों ने वीर दविंदर के घर को निशाना बनाया और करीब 7 राउंड फायरिंग की। इनमें से तीन गोलियां कांच की दीवार को तोड़ते हुए सीधे बेडरूम तक पहुंच गईं। गनीमत रही कि घटना के समय सिंगर और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
कैलगरी के रेडस्टोन कॉमन इलाके में वारदात
यह सनसनीखेज घटना कैलगरी के है-रेडस्टोन कॉमन इलाके में हुई, जहां पंजाबी मूल के लोगों की अच्छी-खासी आबादी रहती है। फायरिंग की घटना के बाद इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल है।
फोन कर मांगी गई थी भारी-भरकम रकम
बताया गया है कि वीर दविंदर कुछ वर्ष पहले ही अपने परिवार के साथ कनाडा में शिफ्ट हुए थे। 6 जनवरी को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को ‘आंडा बटालाÓ बताते हुए 5 लाख डॉलर की मांग की। जब सिंगर ने यह रकम देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
26 जनवरी को घर पर हमला
धमकी के करीब 19 दिन बाद, 26 जनवरी को, बदमाशों ने उनके घर पर फायरिंग कर दी। वीर दविंदर के मुताबिक, हमले में घर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। इस हमले के बाद इलाके के अन्य लोग भी काफी डरे हुए हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
