एक्शन: गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता गिरफ्तार; टीचर से 50 लाख रंगदारी मांगने के मामले में हुई कार्रवाई

एक्शन: गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता गिरफ्तार; टीचर से 50 लाख रंगदारी मांगने के मामले में हुई कार्रवाई
Spread the love

अमृतसर। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने मंगलवार रात करीब 10 बजे दो साल पुराने रंगदारी मामले में की। गैंगस्टर के माता-पिता को अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के समीप एक होटल में ठहरे हुए थे।
इनकी पहचान शमशेर सिंह और उनकी पत्नी प्रीतपाल के रूप में हुई है। इस मामले में 2 साल पहले शिक्षक से 50 लाख रुपए रंगदारी मांगी गई थी। उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। तीन दिसंबर 2024 को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। मुक्तसर पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर के माता-पिता फिरौती की रकम से गुजारा कर रहे थे।
पीड़ित शिक्षक गांव उडेकरन का निवासी है और पिछले 33 वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहा है। शिक्षक ने बताया कि 27 नवंबर 2024 को जब वह स्कूल में ड्यूटी पर था, तब सुबह करीब साढ़े दस से 11 बजे के बीच उसे एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन पर बात कर रहे व्यक्ति ने खुद को बंबीहा गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कॉल करने वाले ने यह भी कहा कि उसे शिक्षक और उसके परिवार की पूरी जानकारी है और इस कॉल को हल्के में न लिया जाए।
बार-बार कॉल से मानसिक तनाव
पीड़ित के अनुसार, उसी दिन उसे कई बार धमकी भरी कॉल्स आईं, जिससे वह बुरी तरह डर गया। इसके बाद छह दिन बाद 3 दिसंबर को फिर कॉल आई, लेकिन डर के कारण उसने फोन नहीं उठाया। पूरे दिन मानसिक तनाव में रहने के बाद उसने परिजनों को पूरी जानकारी दी और परिवार की सलाह पर श्री मुक्तसर साहिब पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का दावा- फिरौती की रकम से हो रहा था खर्च
मुक्तसर साहिब पुलिस का कहना है कि जिस समय यह मामला दर्ज हुआ, उस दौरान बंबीहा गैंग और गोल्डी बराड़ आपस में जुड़े हुए थे। जांच में सामने आया है कि गोल्डी बराड़ के माता-पिता के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं था और वे फिरौती से प्राप्त धन पर ही निर्भर थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Parvatanchal