संदेहास्पद: संदिग्ध परिस्थिति में दिव्यांग का शव मिलने से मचा हड़कंप, शरीर पर मिले चोट के निशान
अल्मोड़ा। सोमेश्वर तहसील के रसियार गांव में दिव्यांग व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। शव पर चोट के निशान पाए जाने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना पर सोमेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रसियार गांव के कुछ ग्रामीणों ने शनिवार देर शाम को गांव के पास स्थित एक खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सोमेश्वर पुलिस ने शव की शिनाख्त रसियार गांव निवासी कुंदन राम (43 वर्ष) पुत्र नर राम के रूप में की। बताया गया कि कुंदन राम दिव्यांग था और गांव में बकरी चराने का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के घर की आर्थिक स्थिति सामान्य थी और वह मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करता था।
बताया गया कि घटना के समय उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी, जबकि कुंदन राम घर में अकेला था। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित एक बेटा और दो बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शव घर से कुछ ही दूरी पर खेत में पड़ा हुआ था। शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मौत को लेकर संदेह गहराता जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये चोटें गिरने से आई हैं या किसी के द्वारा मारपीट किए जाने के कारण लगी हैं।
सोमेश्वर थाना कोतवाल मदन मोहन जोशी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार की आपराधिक घटना सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

