बाज़ार: 26 जनवरी को आएगी नई डस्टर, मारुति-टोयोटा की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी भी कतार में; देखें पूरी लिस्ट
नई दिल्ली । भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए साल 2026 की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही है। जनवरी के पहले पखवाड़े में ही महिंद्रा एक्सयूवी 7 एक्सओ, टाटा पंच फेसलिफ्ट और न्यू जनरेशन किआ सेल्टोस जैसी गाड़ियां सड़कों पर उतर चुकी हैं, लेकिन नए लॉन्च का सिलसिला अभी थमा नहीं है। इस महीने के बचे हुए दिनों में कई और बड़ी गाड़ियां भारतीय बाजार में दस्तक देने वाली हैं, जो कॉम्पैक्ट एसयूवी से लेकर इलेक्ट्रिक सेगमेंट तक में हलचल मचाएंगी।
गणतंत्र दिवस पर रिलॉन्च होगी रेनो डस्टर
महीने की सबसे चर्चित लॉन्चिंग में से एक रेनो डस्टर की वापसी है। कंपनी 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के मौके पर अपनी इस आइकॉनिक एसयूवी को नए अवतार में पेश करने जा रही है। सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, इसका डिजाइन इंटरनेशनल मॉडल से काफी अलग और आक्रामक होगा। इसके इंटीरियर में 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, ऑल-डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है, जो इसे सीधे तौर पर क्रेटा और सेल्टोस के मुकाबले में खड़ा करेगी।
निसान और मारुति की बड़ी तैयारी
डस्टर से ठीक पहले, 21 जनवरी को निसान अपनी नई कॉम्पैक्ट एमपीवी ‘ग्रेवाइट’ लॉन्च करेगी। रेनो ट्राइबर पर आधारित यह कार 10 लाख रुपये से कम कीमत वाले सेगमेंट में ब्रांड को मजबूती देगी, जिसमें 8-इंच टचस्क्रीन और 6 एयरबैग्स जैसे फीचर्स होंगे। वहीं, मारुति सुजुकी जनवरी के अंत तक अपनी पहली मास-मार्केट इलेक्ट्रिक एसयूवी ‘ई-विटारा’ लॉन्च करके इतिहास रचने जा रही है। 543 किलोमीटर की रेंज का दावा करने वाली यह ईवी टाटा कर्व और हुंडई क्रेटा ईवी को कड़ी टक्कर देगी।
टोयोटा और फॉक्सवैगन भी रेस में
मारुति की ई-विटारा पर ही आधारित टोयोटा की ‘अर्बन क्रूजर ईवी’ भी जनवरी के आखिर तक लॉन्च होने वाली है, हालांकि इसका डिजाइन टोयोटा की अपनी स्टाइलिंग पर होगा। इसके अलावा, फॉक्सवैगन अपनी फ्लैगशिप 7-सीटर एसयूवी ‘टायरॉन आर-लाइन’ को भी इसी महीने बाजार में उतारेगी। यह टिगुआन के ऊपर प्लेस की जाएगी और इसमें 15-इंच का डिस्प्ले, मसाज फंक्शन वाली सीटें और पैनोरमिक सनरूफ जैसे लग्जरी फीचर्स मिलेंगे।
स्कोडा कुशाक का नया अवतार
स्कोडा भी पीछे नहीं है और वह जनवरी के अंत तक अपनी लोकप्रिय एसयूवी कुशाक का पहला बड़ा फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने जा रही है। इसमें नया डैशबोर्ड लेआउट, 360-डिग्री कैमरा और पैनोरमिक सनरूफ के साथ-साथ कुछ एडीएएस फीचर्स भी शामिल किए जा सकते हैं, जो इसे तकनीकी रूप से और मजबूत बनाएंगे।
