खुलासा: लूट की घटना में फूफेरी बहन का पति ही निकला वारदात का मास्टरमाइंड
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के वन विहार में बीते आठ जनवरी की रात हुई लूट की घटना में पीड़ित की फूफेरी बहन का पति ही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसे लगा था कि साले के घर जमीन के सौदे के पौने दो करोड़ रुपये रखे हैं। इसी लालच में उसने मुजफ्फरनगर के बदमाशों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मंगलवार को मास्टरमाइंड समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम और हथियार बरामद कर लिए हैं। एसएसपी अजय सिंह ने सोमवार को घटना खुलासे की जानकारी दी। उनके मुताबिक वारदात के मास्टरमाइंड बुशरान राणा ने बताया कि वह केस दर्ज कराने वाले शराफत की सगी बुआ का दामाद है और कपड़े की फेरी का काम करता है। उसे जानकारी मिली थी कि शराफत ने सहारनपुर स्थित अपनी जमीन का सौदा करोड़ों में किया है। बयाने के तौर पर उसे करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये मिले हैं। इसी रकम पर बुशरान की नजर थी। उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। बीते आठ जनवरी की रात बुशरान अपने साथियों आसिफ, इरफान, राजकुमार और वासिफ को लेकर शराफत के घर पहुंचा। उसने साथियों को घर दिखाया और खुद वहां से हट गया। ताकि, कोई उसे पहचान न ले। बदमाशों ने घर में घुसकर हथियारों के बल पर परिजनों को बंधक बनाया। किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। जमीन का सौदा कैंसिल होने के कारण घर में वह मोटी रकम नहीं थी। लुटेरों को वहां से मात्र एक लाख रुपये और कुछ जेवर ही मिले। घटना में केस दर्ज कर खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी को मिलाकर अलग-अलग टीमें बनाई गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिससे आरोपियों का हुलिया मिला। मंगलवार सुबह तेलपुर चौक के पास चेकिंग के दौरान पांचों आरोपियों को धर दबोचा गया। आरोपियों से 91 हजार रुपये नगद, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद हुए। –
ये आरोपी गिरफ्तार हुए – बुशरान राणा निवासी शिवपुरी नई बस्ती थाना खतौली जिला मुजफ्फरनगर, उम्र 31 वर्ष। – आसिफ उर्फ बबलू निवासी शिव मंदिर रोड खतौली जिला मुजफ्फरनगर, उम्र 35 वर्ष। – इरफान निवासी किजियान मोहल्ला मुजफ्फरनगर, उम्र 45 वर्ष। – राजकुमार उर्फ अनिल निवासी ग्राम उमरपुर थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर उम्र 55 वर्ष। – वासिफ निवासी कजियान मोहल्ला रहमतनगर कस्बा बघरा, मुजफ्फरनगर, 36 वर्ष।

