बड़ी ख़बर: बदमाशों ने दिन दहाड़े पुलिस की गाड़ी पर की फायरिंग, गैंगस्टर समेत दो पुलिसकर्मी घायल

बड़ी ख़बर: बदमाशों ने दिन दहाड़े पुलिस की गाड़ी पर की फायरिंग, गैंगस्टर समेत दो पुलिसकर्मी घायल
Spread the love

 

हरिद्वार। जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी वारदात सामने आई है। लक्सर ओवरब्रिज पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में पुलिस कस्टडी में मौजूद मोस्ट वांटेड अपराधी विनय त्यागी को गोलियां लग गईं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस विनय त्यागी को रुड़की से लक्सर स्थित एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान लक्सर ओवरब्रिज पर जाम लगा हुआ था। इसी जाम का फायदा उठाकर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में विनय त्यागी को दो गोलियां लगने की पुष्टि पुलिस ने की है। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि विनय त्यागी एक कुख्यात अपराधी है, जिस पर लूट, डकैती और संगीन धाराओं में 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी पेशी आज लक्सर कोर्ट में होनी थी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि जाम के दौरान अज्ञात बदमाशों ने पुलिस वाहन पर हमला किया, जिसमें आरोपी को गोली लगी है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। जब एसपी देहात से यह सवाल पूछा गया कि घायल बदमाश का संबंध कुख्यात सुनील राठी गैंग से है या नहीं, तो उन्होंने इस पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

बदमाशों में गैंगवार छिड़ने की संभावना से पुलिस सतर्क
लक्सर में गैंगस्टर विनय त्यागी को गोली मारने के पीछे बदमाशों की आपसी दुश्मनी नजर आ रही है। घटना का पहले से अंदेशा होने के कारण पुलिस भी काफी सतर्क थी। फिर भी बदमाश दिनदहाड़े घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। इस घटना के बाद बदमाशों में आपसी गैंगवार छिड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। गैंगस्टर विनय त्यागी मूलरूप से मुजफ्फरनगर के छपार कस्बे का रहने वाला है। लंबे समय से उसका परिवार जागृति विहार, मेरठ में रहता है। करीब दो दशक पहले विनय ने छपार में ही एक हत्या करके अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसमें पुलिस ने उसे जेल भेजा, तो वहां सुधरने के बजाय वह और बड़े खलीफाओं के संपर्क में आ गया।
लक्सर के फ्लाईओवर पर पुलिस अभिरक्षा में गैंगस्टर विनय त्यागी पर हुई गोलीबारी ने एक बार फिर रुड़की के जेल के बाहर हुई गैंगवार और रुड़की कोर्ट में गैंगस्टर देवपाल राणा हत्याकांड को ताजा कर दिया है। इस घटना से एक बार फिर रुड़की चर्चाओं में आ गया है। यह घटना लक्सर में हुई है, लेकिन इसे रुड़की से ही जोड़कर देखा जा रहा है।

Parvatanchal