पाबंदी: जौनसार-बावर में शराब पीने व बेचने पर लगी रोक, उल्लंघन पर 50 हजार रुपए का अर्थदंड

पाबंदी: जौनसार-बावर में शराब पीने व बेचने पर लगी रोक, उल्लंघन पर 50 हजार रुपए का अर्थदंड
Spread the love

विकासनगर।  जौनसार-बावर में माक्टी पोखरी के बाद शिलगांव बावर क्षेत्र में महिलाओं ने नशे और जुए के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को शिलगांव बावर क्षेत्र में आयोजित बैठक में महिलाओं ने कथियान क्षेत्र में शराब और जुए के बढ़ते चलन पर आक्रोश जताया। तय किया गया कि क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति के शराब पीते या बेचते हुए पकड़े जाने पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। नशा तस्करी की सूचना देने वाले को 5000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। ऐसा ही अर्थदंड जुआ खेलने वालों पर लगाया जाएगा। उनकी सूचना देने वाले को भी समान राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद महिलाओं ने जुलूस निकालकर लोगों से नशा विरोधी मुहिम में सहयोग मांगा। बैठक में छजाड़, हटाड़, भुनाड़, ऐठान, डागूंठा, पटयूड़ और भटाड़ आदि गांवों की सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। बैठक की अध्यक्षता संगीता चौहान ने की। इस दौरान सभी ने संकल्प लिया कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि वर्ष 2014 में भी शिलगांव की महिलाओं ने कथियान क्षेत्र में शराब व जुए पर प्रतिबंध लागू किया था। उस समय शराब पीने, जुआ खेलने और नशे का कारोबार करने वालों पर 5000 रुपये का अर्थदंड तय किया गया था। इस निर्णय के बाद क्षेत्र का माहौल काफी हद तक सुधरा। हाल के दिनों में क्षेत्र में फिर नशे और जुए की प्रवृत्ति बढ़ने से महिलाओं ने संगठित होकर आवाज बुलंद की है। बैठक के बाद महिलाओं ने नशा के खिलाफ स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर क्षेत्र में जुलूस निकाला। लोगों से नशा विरोधी मुहिम में सहयोग करने की अपील की। स्थानीय लोगों ने इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि लखवाड़, नागथात, बैराटखाई, चकराता, क्वासी, लाखामंडल, त्यूनी, जंगलायत, चौकी, क्वानू, पजिटिलानी, फेडूलानी और साहिया आदि क्षेत्रों में भी इस तरह के आंदोलन की आवश्यकता है।

Parvatanchal