आकलन:IMDB ने ‘मंडाला मर्डर्स’ को देश के 10 सर्वाधिक लोकप्रिय वेब सिरीज़ में किया शुमार
रेटिंग सूची में पांचवें पायदान पर रही सिरीज़
मुंबई। बीतने जा रहा यह साल (2025) ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्मों और वेब सिरीज के लिए लोकप्रियता के लिहाज़ से काफी उत्साहजनक रहा है. ख़ास तौर पर नेटफ्लिक्स की वेब सिरीज का कंटेंट काफी प्रभावशाली रहा है. इन्हीं में से एक वेब सिरीज़ ‘मंडाला मर्डर्स’ है जिसे आईएमडीबी ने इस वर्ष की 10 सर्वाधिक लोकप्रिय वेब सिरीज़ की सूची में पांचवें पायदान पर शुमार किया है।
क्या है आईएमडीबी ?
आईएमडीबी मतलब ‘इंटरनेट मूवी डेटाबेस एक इंटरनेट डाटा बेस से जहां रजिस्टर्ड यूजर रेटिंग और रिव्यू देते नजर आते हैं। यह एक ऑनलाइन डाटाबेस है, जो कलाकारों, फिल्मों, टीवी प्रोग्राम और वीडियो गेम्स के बारे में दर्शकों को विभिन्न जानकारी उपलब्ध कराता है। दुनिया का सबसे बड़ा डेटाबेस कहे जाने वाले आईएमडीबी के पास दुनियाभर की फिल्मों, टीवी प्रोग्राम, वेब सीरीज आदि की जानकारी होती है। इसके अलावा इसके आने वाली फिल्में और उनकी समीक्षा, बायोग्राफी जैसा डाटा भी उपलब्ध होता है।
आईएमडीबी की रेटिंग इतनी लोकप्रिय है कि अक्सर इस रेटिंग और रिव्यू को सीरीज और फिल्मों आदि की कामयाबी या नाकामयाबी का आधार समझ लिया लिया जाता है।

निर्देशक मनन रावत
IMDB द्वारा 5 सर्वाधिक लोकप्रिय वेब सिरीज़ में शुमार और 25 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई वेब सिरीज़ ‘मंडाला मर्डर्स’ का निर्माण यशराज फिल्म्स के बैनर तले किया गया है, जिसका निर्देशन गोपी पुथरन और मनन रावत ने किया है। कोटद्वार में जन्मे और देहरादून में पले-बढ़े मनन रावत, वरिष्ठ पत्रकार सुरेन रावत के सुपुत्र हैं जो इससे पूर्व फिल्म ‘रईस’, ‘दम लगा के हइसा’, ‘तुम्हारी सुलू’ , ‘सम्राट पृथ्वीराज’ और ‘सुई धागा’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों में बतौर सहायक निर्देशक काम करने के साथ ही टीवी धारावाहिक ‘एक दीवाना था’ का निर्देशन कर चुके हैं.
2025 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज, गोपी पुथरन और मनन रावत द्वारा निर्देशित एक बेहतरीन वेब सीरीज ‘मंडाला मर्डर्स’ के 8 एपिसोड में दर्शकों ने सस्पेंस से भरपूर कहानी के रोमांच का अनुभव किया था. चाहें तो, आप भी उस रोमांचक अनुभूति को साझा कर सकते हैं .
क्या ख़ास है इस वेब सिरीज़ में ?
वेब सिरीज़, भाग्य और हत्याओं के इर्द-गिर्द बुनी गई एक काल्पनिक कहानी है. कहानी के मुताबिक,1950 के दशक की एक असफल रिचुअल से शुरू होकर, वर्तमान में विक्रम सिंह एक ऐसी हत्या की जांच करता है जिसमें मृतक के शव से अंग गायब होते हैं. रिया और विक्रम अपने अतीत से जुड़े रहस्यों को सुलझाते हैं, जो सदियों पुराने राज़ों को उजागर करते हैं. यह कहानी भारतीय लोककथाओं और आधुनिक अपराध को कुछ ऐसे जोड़ती है, जिससे दर्शक रोमांच के समंदर में गोते लगाने लगते हैं. कुल मिलाकर, यह एक ऐसी कथा है जो सस्पेंस और ड्रामा को मिला कर बेहतरीन वेब सिरीज़ के रूप में प्रस्तुत की गई है.
अभिनेत्री सुरवीन चावला ने इसमें एक राजनेता की भूमिका निभाई हैं. वहीं, वाणी कपूर का ये ओटीटी डेब्यू हैं, जो इस सीरीज में सीआईबी ऑफीसर के किरदार में दिखाई दे रही हैं. वह सिरीज़ में एक के बाद एक लगातार हो रही इन हत्याओं की गुत्थी सुलझाने में जुटी हैं. आखिर ये हत्याएं कौन और किस मकसद से कर रहा है,ये आप सिरीज़ देखने के बाद ही जान पाएंगे!
