दुस्साहस: दिन दहाड़े घर में घुसकर जेवर और नगदी चुरा ले गए बदमाश, केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
रुड़की। इमलीखेड़ा में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पिरान कलियर थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा निवासी सुरेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 20 नवंबर की दोपहर को परिजन किसी काम से बाहर गए थे। इस दौरान चोरों ने उनके घर में घुसकर वहां रखे सोने चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। इसके बाद परिजनों ने आसपास चोरों की खूब तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने शनिवार को एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को प्रार्थना पत्र देकर उचित कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी गई है। एसओ रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंकेट हॉल के बाहर से बाइक चोरी
दूसरी ओर,थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान चोरों ने एक बाइक पर हाथ साफ कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है। ललित मोहन निवासी शिवाजी कॉलोनी रुड़की ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 29 नवंबर की शाम को वे परिवार के साथ शादी में शामिल होने दिल्ली रोड स्थित एक होटल में गए थे। कुछ देर बाद बाहर आए तो पार्किंग में खड़ी उसकी बाइक गायब थी। इधर-उधर तलाश के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जिसमें साफ दिख रहा था कि एक आरोपी उनकी बाइक उठा कर ले जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

