बेख़ौफ़: नशे में धुत युवकों ने बरातियों और घरातियों पर किया पथराव,दो घायल
रुद्रपुर। बुधवार देर रात विवाह समारोह में शामिल कुछ युवकों को कार्यक्रम स्थल के पास एकांत में यूरिनल करना महंगा पड़ गया। वहां बैठे नशे में धुत युवकों ने उनसे अभद्रता और गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर उन्होंने बारात में पथराव कर दिया, जिससे घराती और बाराती में अफरातफरी मच गई। पथराव से दो युवक भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे तैसे स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गयी है।
ट्रांजिट कैंप आजाद नगर निवासी सुशांत दास की पुत्री की बुधवार रात शादी थी। बरात बिलासपुर से आ रही थी। देर रात 11 बजे के आसपास जब बरात दुल्हन के घर के पास पहुंची तो कुछ युवकों ने पास ही खड़े होकर यूरिनल कर दिया। यह देख नशे में धुत कुछ युवकों ने विरोध करते हुए गालीगलौज शुरू कर दी, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
बात बढ़ी तो नशे में धुत 10-12 युवकों ने बारात पर पथराव शुरू कर दिया। इससे घराती और बराती पक्ष में भगदड़ मच गई। साथ ही पत्थर लगने से दुल्हन पक्ष के प्रवीन विश्वास और संदीप घायल हो गए। इसमें प्रवीन के आंख में पत्थर लगी और वह लहूलुहान हो गया था। इस पर किसी ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। गुरुवार को घायल प्रवीन के पिता निरपथ विश्वास ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे ने बताया कि बारात में पथराव की सूचना मिली थी, जिसमें दो लोग घायल हुए है। तहरीर मिल गई है, आरोपितों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद उनके विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर गिरफ्तारी की जाएगी।

