

संवाददाता
देहरादून, 07 मार्च।
पुलिस की नौकरी करने के इच्छुक शिक्षित बेरोजगारों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड में आगामी 1 से 15 मई के बीच 2 हजार कांस्टेबलों की भर्ती होने जा रही है। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इसी महीने 167 पुलिस उप निरीक्षकों की भर्ती संपन्न हो जाएगी। पुलिस को और इफेक्टिव और कारगर बनाने के लिए अब प्रदेश में ड्रग्स सरगनाओं के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी साथ ही नशे के सौदागरों की संपत्ति जप्त करने की कार्रवाई भी होगी। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में राज्य पुलिस 3 मामलों में विशेष फोकस कर रही है जिसमें अपराध नियंत्रण, यातायात नियंत्रण और साइबर ठगी के मामले शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुलिस सुधार के लिए कई विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। आम जनता में पुलिस के प्रति सम्मान का भाव और पुलिस को देख कर अपराधियों के मन में खौफ पैदा करना, इन दो बातों पर ख़ास तवज्जो दी जा रही है।