संवाददाता
नई दिल्ली, 24 दिसंबर।
उत्तराखंड की एक और प्रतिभा ने अपने काम की उत्कृष्टता के लिए पुरस्कार जीत कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह पुरस्कार फोटो जर्नलिज्म में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए दिया गया है। पूर्व उप प्रधानमंत्री, जननायक चौधरी देवीलाल सम्मान समारोह में हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की ओर से छत्र सिंह को उत्कृष्ट फोटो जर्नलिज्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में पत्रकारिता, समाज सेवा एवं देश की सेवा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए लोगों को सम्मानित किया गया।
छत्र सिंह मूलरूप से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के छोटे से गांव रोड़ागाव के निवासी हैं। वे पिछले एक दशक से दिल्ली में फोटो पत्रकार के रूप में कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक हरिभूमि में सीनियर फोटो पत्रकार के तौर पर कार्यरत हैं। वे सड़क से लेकर संसद तक की खबरों को कवर करते आ रहे हैं।
इसके साथ ही छत्र सिंह राजधानी दिल्ली में रहते हुए उत्तराखंड के पहाड़ों से सम्बंधित विषयों पर कार्य कर रहे हैं। वे फेसबुक, व्हाट्सएप में रंगीलो पहाड़ नाम से ग्रुप बनाकर पहाड़ के लोगों को एकजुट करने के साथ ही पहाड़ की संस्कृति एवं इतिहास के प्रति प्रेम एवं जागरुकता को बढ़ावा देने का काम भी कर रहे हैं।