

देहरादून। लगता है, शिक्षा की नगरी कहे जाने वाले देहरादून शहर पर अब अपराधियों का राज़ चल रहा है। अपराधों की फेहरिस्त में कल एक और वारदात उस वक्त जुड़ गयी जब बीती देर रात्रि किसी ने दंपत्ति को गोली मार दी। इस वारदात में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे महंत इंद्रेश हास्टिपिटल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना बीती देर रात करीब दो बजे की है। नेहरू कॉलोनी थाना इलाके के माता मंदिर रोड क्षेत्र में बुटीक संचालिका महिला आशा पति अशोक के साथ रहती थी। बीती रात एक युवक उनके घर आया। उसने आशा और अशोक को गोली मार दी। इससे आशा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में अशोक को श्री महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस गोलीकांड के पीछे क्या वजह थी, अभी इसका पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।